कल और आज का मौसम कैसा रहेगा की जानकारी (Kal aur Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega 03 June 2025 – Mumbai rain, Mansoon UP, Bihar, Uttarakhand, Delhi-NCR): दिल्ली-NCR में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3 दिन तेज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी है। IMD के मुताबिक इस दौरान तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के साथ ही पूर्वोत्तर के राज्यों में मंगलवार और बुधवार को बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के कई जिलों में गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। इस बीच उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है।

पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी गंभीर बनी रही और बाढ़-भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 36 पहुंच गई है। क्षेत्र के कई राज्यों में 5.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन के कारण असम में सबसे अधिक 11 लोगों की जान गई है। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में 10, मेघालय में छह, मिजोरम में पांच, सिक्किम में तीन और त्रिपुरा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में कहा गया है कि असम में 22 जिलों में बाढ़ से 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जबकि 15 नदियां उफान पर हैं। एक रक्षा अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सिक्किम के छतेन में एक सैन्य शिविर के भूस्खलन की चपेट में आने की वजह से तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई और 6 सैनिक लापता हैं। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि असम के अधिकतर स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।

मिजोरम की राजधानी आइजोल में भारी बारिश के कारण स्कूल मंगलवार को चौथे दिन भी बंद रहे. राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और चट्टान गिरने की घटनाएं हुईं। आइजोल के उपायुक्त और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष लालहरियातपुइया द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि आइजोल जिले के सभी स्कूलों को छात्रों की सुरक्षा के लिए तीन जून को बंद रखने की सलाह दी जाती है। आइजोल में मंगलवार सुबह भारी बारिश हुई। मिजोरम में भारी बारिश के कारण आए भूस्खलन, बाढ़ और अन्य आपदाओं ने अब तक पांच लोगों की जान ले ली है। मिजोरम में 24 मई से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भारी तबाही मची हुई है।

राजस्थान के 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 2 से 4 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाने, आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।

मणिपुर में नदियों के उफान पर आने और तटबंधों के टूटने से आई बाढ़ से 56,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। इसमें कहा गया है कि बाढ़ से 10,477 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और 56,516 लोग प्रभावित हुए हैं। बयान के मुताबिक सोमवार को इंफाल ईस्ट जिले में एक व्यक्ति नदी में बह जाने के बाद लापता हो गया। प्रभावित क्षेत्रों से 2,913 लोगों को निकाला गया है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में लगातार भारी बारिश से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी सलाह का पालन करने का अनुरोध किया।

इंफाल के कई इलाके भारी बारिश के बाद बाढ़ में डूब गए हैं। मणिपुर फायर सर्विस, असम राइफल्स, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ फंसे हुए निवासियों को बचा रहे हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, 3 जून को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की पूरी संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई.