Aaj Ka Mausam, Weather Forecast News LIVE Update on 5 June and 6 June: दिल्ली-एनसीआर के समेत देशभर के अधिकांश इलाकों में बीते कुछ दिनों से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी। हालांकि, अब राजधानी के लोगों की राहत खत्म होने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में गर्मी फिर से यूटर्न लेने वाली है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले एक दो दिनों के लिए पूर्वोत्तर समेत कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं यूपी में कई इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में जून की शुरुआत बारिश के साथ हुई थी, लेकिन अब राजधानी में गर्मी यूटर्न मारने वाली है। आज से दिल्ली का पारा धीरे-धीरे ऊपर की तरफ बढ़ेगा, जिसकी वजह से दिल्ली में गर्मी का एहसास होगा। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। हालांकि इस सप्ताह के अंत तक राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

Weather LIVE Updates: असम में बाढ़ का कहर, कई जिले प्रभावित

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के कई जिलों में 6 जून तक भारी बारिश, तेज हवा चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे मौसम में लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के उत्तरी, पश्चिमी और कुछ अन्य जिलों में बारिश हो सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका और किशनगंज जिले में 30 से 40 की गति से हवा चलने के साथ-साथ बारिश हो सकती है।

बीकानेर संभाग के लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी से सतर्क रहने की जरूरत है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 और 8 जून को यहां अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 8 जून से कुछ इलाकों में हीटवेव यानी लू चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों को मौसम के बदलाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक 6 जून से पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इसके साथ ही अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम मुख्यत शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

सामान्य तौर पर मॉनसून 27 जून के आसपास दिल्ली पहुचंता है। लेकिन इसमें देरी होने पर बारिश कम होती है। इस साल मॉनसून के जल्दी पहुंचने की अधिक संभावना है। कुल मिलाकर 6 जून से राजधानी को गर्म और शुष्क मौसम का सामना करना पड़ेगा। यह कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में अगले एक दो दिनों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। इसी के साथ मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों समेत झारखंड के कुछ हिस्सों में आज बारिश के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है. इस दौरान बारिश के साथ गरज और बिजली चमक सकती है।

आईएमडी ने देश के पूर्वोत्तर हिस्से कई स्थानों पर अगले एक दो दिनों के दौरान बारिश होने का अनुमान जताया है। इनमें से कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में शामिल अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी हिस्से, गुजरात क्षेत्र, कोंकण, पश्चिम मध्य प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई. इनमें से कुछ राज्यों के हिस्सों में आंधी-तूफान भी देखा गया।

पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान आया. इसी के साथ जम्मू और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि देखी गई।

Weather LIVE Updates: असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर हो जाने के साथ यहां दो और लोग मारे गए हैं, जबकि 21 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर लगभग 6.8 लाख पहुंच गई है। ब्रह्मपुत्र सहित नौ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।राज्य के कई हिस्सों में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं। बाढ़ की वजह से कुल मिलाकर 21 जिलों के 66 राजस्व क्षेत्रों और 1,494 गांवों में कुल 6,79,423 लोग प्रभावित हैं।