अतीक अहमद के दोनों बेटे अली और उमर पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। प्रयागराज में दोनों छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होंगे। शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे अली को झांसी जेल से लेकर 30 पुलिसवाले 400 किमी दूर प्रयागराज के लिए निकले। अली का चेहरा नजर न दिखे, इसलिए पुलिस ने वैन पर पर्दे डाल दिए। लखनऊ जेल से उमर दोपहर 12:30 बजे बाहर आया। उसकी वैन पर भी पर्दे लगाए गए हैं। उमर को लेकर 20 से ज्यादा पुलिसवाले रवाना हुए। दोनों की वैन के आगे-पीछे पुलिस की दो-दो गाड़ियां चल रही हैं। जिस थाने की सीमा से अली-उमर गुजर रहे हैं, वहां की लोकल पुलिस उन्हें एस्कॉर्ट कर रही है। झांसी से अली को पहले बुंदेलखंड एक्सप्रेस से होते हुए प्रयागराज ले जाने की चर्चा थी। हालांकि, जालौन में रूट बदल दिया और वाया कानपुर होते हुए प्रयागराज ले जाया जा रहा है। दोनों को सीधे प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। इस दौरान दोनों अपने भाई अहजम और बुआ परवीन कुरैशी से पुलिस की मौजूदगी में एक घंटे मुलाकात करेंगे। पुलिस ने कब्रिस्तान के पास एक मस्जिद में ही मुलाकात की जगह तय की है। इसके बाद दोनों को वापस जेल ले जाया जाएगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को दोनों को 4 शर्तों पर पैरोल दी है। पहली- मीडिया से बात नहीं करनी। दूसरी- सोशल मीडिया एक्टिविटी नहीं करनी। तीसरी- सार्वजनिक सभा को संबोधित नहीं करना। चौथी- किसी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेना। अली-उमर को 4 साल में पहली बार पैरोल मिली है। लखनऊ और झांसी से दोनों को प्रयागराज पहुंचने में 6-7 घंटे लग सकते हैं। ऐसे में रात 7-8 बजे तक अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अबान को पिता अतीक के बगल में दफनाया जाएगा। यहीं उसके दादा फिरोज अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की भी कब्रें हैं। 2 तस्वीरें देखिए- अबान भाई से मिलने जेल जा रहा था, सड़क हादसे में हुई मौत अबान की गुरुवार सुबह झांसी में सड़क हादसे में मौत हुई थी। वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था। क्रेटा कार में उसके 4 और दोस्त थे। सुबह 10:30 बजे हाईवे पर जानवर को बचाने के चक्कर में कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन दोस्त घायल हो गए। अबान-सोनू के शव शुक्रवार तड़के 4 बजे एक ही एंबुलेंस से झांसी से प्रयागराज के हटवा गांव लाए गए। यहां अबान की बुआ का घर है। अतीक का घर टूटने के बाद अबान वहीं रहता था। माफिया अतीक के बेटे के अंतिम संस्कार से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

अतीक के दोनों बेटे जेल से प्रयागराज रवाना:वैन में पर्दे डालकर ले गई पुलिस, अली का अचानक रूट बदला; मस्जिद में होगी भाई से मुलाकात
अतीक अहमद के दोनों बेटे अली और उमर पैरोल पर जेल से बाहर आ गए हैं। प्रयागराज में दोनों छोटे […]