यूपी के चित्रकूट में बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर NEET छात्रा से तीन युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस के मुताबिक, 20 साल की छात्रा 17 साल के बॉयफ्रेंड के साथ पहाड़ी पर बैठी थी, तभी आरोपी पहुंचे। खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को धमकाया। बॉयफ्रेंड को बेल्ट से पीटा और उसके हाथ-पैर गमछे से बांध दिए। तीनों छात्रा को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गए। दरिंदगी की। वारदात के बाद तीनों भाग गए। बॉयफ्रेंड ने खुद के हाथ-पैर खोले और छात्रा के पास पहुंचा। वह बदहवास थी। बॉयफ्रेंड ने ही फोन करके पुलिस को जानकारी दी। वारदात बुधवार दोपहर 3 बजे देवांगना घाटी जंगल की है। यहां की जिला मुख्यालय से दूरी 12 किमी है। छात्रा चित्रकूट से सटे मध्य प्रदेश के सतना की रहने वाली है। वह राजस्थान के कोटा में रहकर NEET की तैयारी करती है। उसका बॉयफ्रेंड चित्रकूट का ही रहने वाला है। 12वीं में पढ़ता है। छात्रा दोपहर में चित्रकूट घूमने आई थी। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। एक CCTV में तीनों आरोपी बाइक से जाते दिख रहे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों की सीसीटीवी तस्वीर भी जारी की है। वहीं, शक के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। गुरुवार दोपहर 2 बजे एडीजी जोन ज्योति नारायण प्रयागराज से चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अफसर से अब तक हुई जांच के बारे में पूछा। नाबालिग बॉयफ्रेंड को धमकाया, चिल्लाए तो पहाड़ी से फेंक देंगे बॉयफ्रेंड ने पुलिस को बताया- 2 साल पहले सोशल मीडिया पर मेरी लड़की से दोस्ती हुई थी। कुछ दिन पहले लड़की छुट्‌टी पर घर आई थी। मैंने उसे घूमने के लिए चित्रकूट बुलाया था। 22 जुलाई (बुधवार) की दोपहर वह चित्रकूट पहुंची। दोपहर 1 बजे बाइक से हम दोनों देवांगना घाटी पहुंचे। वहां पहाड़ी पर बैठकर रील बना रहे थे। दोपहर 3 बजे 3 लड़के बाइक से पहुंचे। उन्होंने अचानक बाइक रोक दी और हमसे पूछताछ करने लगे। मेरी गर्लफ्रेंड को बैडटच करने लगे। मैंने विरोध किया, तो मुझे बेल्ट से पीटा। एक लड़के ने मुझे पकड़ लिया। गमछे से हाथ-पैर बांध दिए। बाकी दोनों मेरी गर्लफ्रेंड को धमकाने लगे। कहने लगे कि शोर मचाया तो पहाड़ी से नीचे फेंक देंगे। फिर जबरन गर्लफ्रेंड को झाड़ियों में ले गए और उसके साथ दरिंदगी की। थोड़ी देर बाद मुझे बंधक बनाकर मेरे पास खड़ा लड़का भी झाड़ियों में चला गया। उसने भी मेरी गर्लफ्रेंड से रेप किया। गर्लफ्रेंड चिल्लाती रही। रहम की भीख मांग रही थी, लेकिन उन लड़कों ने उसे नहीं छोड़ा। मैं जमीन पर पड़ा उसकी चीखें सुन रहा था। गर्लफ्रेंड खुद को छुड़ाने के लिए छटपटा रही थी। इसके बाद किसी तरह मैंने अपने हाथ खोले। गर्लफ्रेंड के पास भागकर पहुंचा। तब तक तीनों लड़के भाग चुके थे। मैंने मोबाइल से डायल-112 पर कॉल किया। लेकिन, नेटवर्क नहीं होने से कॉल नहीं लगी। इसके बाद हम पहाड़ी से कुछ नीचे उतरे, तब मोबाइल में नेटवर्क आया। फिर से कॉल कर पुलिस बुलाई। शाम 4.45 बजे पुलिस पहुंची और हम दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि दोनों के पिता प्राइवेट जॉब करते हैं। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया- देवांगना घाटी में दुष्कर्म की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई। लड़के को प्राइमरी इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। लड़की का मेडिकल कराकर उसको वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। जगह-जगह सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। बांदा, प्रयागराज और चित्रकूट की पुलिस आरोपियों को खोजने में जुटी है। चित्रकूट के डीआईजी राजेश कुमार एस. जंगलों में डेरा जाए हुए हैं। उनकी स्पेशल फोर्स भी साथ में है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया- छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में गैंगरेप की बात कही है। बॉयफ्रेंड नाबालिग है। इसलिए उसका भी मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए मौके के आसपास CCTV और राहगीरों की मदद ली जा रही है। 2 टीमें बनाई गई हैं। सपा विधायक ने दी घेराव की चेतावनी सपा के चित्रकूट सदर विधायक अनिल प्रधान ने प्रदेश सरकार और पुलिस-प्रशासन पर हमला बोला। सोशल मीडिया पर जारी बयान में उन्होंने कहा- जहां यह घटना हुई, वहां से प्रस्तावित देवांगना हवाई अड्डे की सीमा सिर्फ 500 मीटर, कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय सिर्फ 3 किमी दूर है। इसके बावजूद दिनदहाड़े इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो सपा कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ————————— ये खबर भी पढ़िए- पति को सांप डसवाने वाली बोली-ऐसी हत्या करो, नेचुरल लगे, गूगल पर जहरीला सांप खोजा मेरठ में पति को सांप से डसवाने वाली दामिनी की कहानी के पहले पार्ट में आपने उसके और पति अतुल के अफेयर के बारे में पढ़ा। दामिनी की लाइफ में कैसे शादीशुदा बॉयफ्रेंड तुषार एंट्री होती है? दूसरे और आखिरी पार्ट में पढ़िए…कैसे दामिनी और तुषार ने सपेरों से डील की। हत्या को नेचुरल मौत दिखाने की साजिश रची… यहां पढ़ें पूरी खबर