मध्यप्रदेश के सागर में रविवार को पुलिस एक युवक के घर बंदूक की तलाश में पहुंची थी। सोशल मीडिया पर पिस्तौल के साथ फोटो मिलने के बाद पुलिस उसकी तस्दीक करने पहुंची। तलाशी के दौरान बंदूक तो नहीं मिली, लेकिन एक लॉक अलमारी से बैग में करीब 3 करोड़ रुपए कैश मिला। नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। पुलिस पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही है। मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा का है। पुलिस के मुताबिक, सागर पुलिस ऐसे इंस्टाग्राम प्रोफाइल की स्क्रीनिंग कर रही है, जिनमें आपराधिक प्रवृत्ति के लोग पिस्तौल या चाकू के साथ फोटो डालते हैं। इसी दौरान दो प्रोफाइल में पिस्तौल की फोटो मिली थी। इनमें एक के खिलाफ मोतीनगर और दूसरे के खिलाफ गोपालगंज में कार्रवाई की गई। देखिए तस्वीरें… लॉक अलमारी में मिला बैग, चाबी नहीं थी गोपालगंज में पुलिस सौरभ अहिरवार के घर पिस्तौल के बारे में पूछताछ और सर्चिंग करने पहुंची थी। तलाशी के दौरान एक अलमारी लॉक मिली। परिवार के पास उसकी चाबी नहीं थी। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में अलमारी खुलवाई। अंदर एक बैग मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में कैश था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक की गिनती में करीब 3 करोड़ रुपए मिले हैं। जब्ती की पूरी कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी और वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ की जा रही है। परिजन बोले- 8-9 महीने पहले रिश्तेदार रख गया था पैसा पुलिस के मुताबिक, सौरभ अहिरवार ड्राइवर है और उसका भाई ऑटो चलाता है। परिवार का कहना है कि अलमारी और उसमें रखा पैसा उनके रिश्तेदार रमेश अहिरवार का है। उनके मुताबिक, रमेश ने करीब 8-9 महीने पहले यह रकम यहां रखी थी। परिजनों ने बताया है कि रमेश अहिरवार भोपाल के चूना भट्‌टी इलाके में रहते हैं और PWD में इंजीनियर हैं। पुलिस अब इस दावे और रकम के वास्तविक स्रोत की जांच कर रही है। जब्ती के बाद संबंधित एजेंसियों को दी जाएगी सूचना मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सुभद्रा नाम सामने आने के सवाल पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह जांच का हिस्सा है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल पहले जब्ती की कार्रवाई पूरी की जा रही है। इसके बाद संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दी जाएगी। मामले में कार्रवाई अभी जारी है।
———————— ये खबर भी पढ़ें… रेवेन्यू-ऑफिसर ने पत्नी के नाम खरीदी करोड़ों की 2 बिल्डिंग, 4.59 करोड़ की प्रॉपर्टी मिली इंदौर में नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी (ARO) जितेंद्र कुमार पांडेय के ठिकानों पर लोकायुक्त की कार्रवाई में अब तक 4.59 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति सामने आई है। लोकायुक्त के अनुसार पांडेय की कुल आय करीब 80 लाख रुपए है, जबकि मिली संपत्ति और खर्च आय से 474.84% अधिक पाए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर बिजली कंपनी इंजीनियर के पास आय से 258% ज्यादा प्रॉपर्टी लोकायुक्त टीम ने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (फाइनेंस) शिवराम सेमिल के 9 ठिकानों पर छापे मारे। शुरुआती जांच में वैध आय से करीब 258% अधिक संपत्ति मिली है। वहीं, घर से 4 किलो चांदी, 300 ग्राम गोल्ड और 3 लाख कैश मिला है। शिवराम सेमिल इन दिनों इंदौर स्थित पोलोग्राउंड कार्यालय में पदस्थ हैं। पढ़ें पूरी खबर…