छात्रों पर लाठीचार्ज और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर 25 जुलाई को बिहार बंद बुलाया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश में जमकर हंगामा और बवाल हुआ। 11 जिलों से पथराव और लाठीचार्ज की खबर आई। सबसे ज्यादा हंगामा सीवान में हुआ। जहां प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की गई। अब इस मामले में कार्रवाई हुई है, सीवान में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले SP पूरन झा के बॉडीगार्ड अभिषेक पटेल को सस्पेंड कर दिया गया है। बता दें कि दैनिक भास्कर ने इस मामले (सीवान में 10 राउंड सीधी फायरिंग) को प्रमुखता से दिखाया था। फायरिंग में तीन छात्रों को गोली लगी थी। अब ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने जनहित याचिका दायर की है। मामले पर कल सुनवाई होगी। पूरे मामले पर राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए X पर लिखा- पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। इधर, CJP के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने कहा है कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 25 जुलाई को हुई फायरिंग की 2 तस्वीर… भीड़ की ओर सीधी डायरेक्शन में AK-47 से फायरिंग छात्र संगठनों के बिहार बंद और विरोध-प्रदर्शन के दौरान सीवान में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। प्रदर्शन के बीच SP पूरन झा के बॉडीगार्ड ने भीड़ की दिशा में AK-47 से फायरिंग की, जिसका वीडियो भी सामने आया। वीडियो सामने आते ही पुलिस की कार्रवाई और बल प्रयोग पर सवाल उठने लगे। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की। प्रारंभिक जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 2 घंटे पथराव-लाठीचार्ज चलता रहा 25 जुलाई को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर पथराव और लाठीचार्ज हुआ। आरोप है कि कुछ ‎प्रदर्शनकारी गांधी मैदान में बने मंच पर चढ़‎ गए। वहां से पुलिस पर पथराव शुरू कर‎ दिया। इसके बाद पुलिस ने पहले आंसू गैस‎ के गोले छोड़े। फिर लाठीचार्ज कर ‎प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पुलिस कार्रवाई के‎ बाद प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से निकलकर ‎शहर के विभिन्न इलाकों में फैल गए।‎ पथराव में SP पूरन झा के हाथ में चोट आई। तीन छात्रों को लगी गोली सीवान में हुई फायरिंग में 3 छात्र घायल हुए। जिनमें 2 के गर्दन से गोली छूकर निकल गई, वहीं एक छात्र के जांघ में गोली फंसी है। गर्दन में गोली लगने से एक छात्र की हालत गंभीर थी, जिसे शनिवार को ही पटना रेफर किया गया था। बाद में बाकी दोनों छात्रों को भी पटना में भर्ती कराया गया है। राहुल गांधी ने पूछा- मोदी जी, कहां गया आपका वादा पूरे मामले पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाए हैं। X पर लिखा- 'छात्रों के ख़िलाफ़ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है। मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली -हर जगह पैटर्न एक ही है। पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज़ दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।' बीजेपी ने राहुल गांधी के आरोपों को अफवाह और भ्रामक बताया है। कांग्रेस नेता पर विरोध प्रदर्शन को भड़काने और अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने को कहा है। तेजस्वी ने पूछा किसके आदेश से फायरिंग हुई बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, ‘बिहार में किसके आदेश से AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं। आप यदि वीडियो देखें तो AK-47 से कोई हवाई फायरिंग नहीं की गई है बल्कि निशाना लगाकर गोलियां चलाई गई है। 3 छात्रों को गोली लगी है।’ जवान के AK-47 से फायरिंग करते वीडियो शेयर कर लिखा- 'कल को कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री पर भी कभी भी कहीं भी अकारण गोली चला सकता है?'
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "क्या हमारे बच्चे आतंकवादी हैं? क्या हमारी बेटी अपराधी है? क्या अपने अधिकार की आवाज उठाना गलत है? अभी तक बिहार में 800 बच्चों को जेल भेज दिया गया है। आतंक का माहौल बना दिया गया है।" वहीं CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने पोस्ट किया, “सभी छात्र प्रदर्शनकारी को तत्काल रिहा किया जाए जैसा कि दिल्ली समझौता में तय हुआ था, छात्रों के साथ कुछ भी गलत ना हो। हमने आंदोलन इसी शर्त पर खत्म किया था कि छात्रों पर एक्शन नहीं होगा।” आज पटना जाएंगी आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा छात्रों के जेलों में बंद होने के चलते आज सोमवार (27 जुलाई) को पटना आएंगी। उन्होंने बताया कि वह पटना में उन छात्रों से मिलने जाएंगी जिन्हें बेउर जेल में जबरन बंद किया गया है। उन प्रदर्शनकारियों से भी मिलूंगी जिनके ऊपर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। इस दौरान उन्होंने लोगों से बेऊर जेल पहुंचने की अपील की है। नेहा बोरा ने कहा कि एक तरफ जहां हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न मना रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ जो लोग पेपर लीक के खिलाफ आंदोलनों में शामिल रहे उनके खिलाफ कार्रवाई चल रही है। बिहार में पालीगंज के विधायक संदीप सौरभ के साथ में आइसा के एक्टिविस्ट धनंजय, सबा, दीपांकर और दिव्यम को बेउर जेल में लगभग तीन दिन से बंद किया हुआ है। तेजप्रताप भेजे गए जेल, हत्या-दंगा भड़काने का आरोप बिहार बंद के दौरान हुए उपद्रव के मामले में पटना पुलिस ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल(JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप को गिरफ्तार किया है। पटना पुलिस ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया है। तेजप्रताप के खिलाफ पटना के गांधी मैदान थाने में 12 से अधिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इनमें हत्या के प्रयास, अश्लील प्रदर्शन, दंगा भड़काने समेत कई गंभीर आरोप शामिल हैं। शनिवार रात करीब 12:15 बजे पुलिस उन्हें नौबतपुर थाने से छज्जूबाग स्थित मजिस्ट्रेट कोर्ट लेकर पहुंची थी। वहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया गया। बिहार बंद को लेकर 21 FIR, 450 गिरफ्तारी बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद पटना, सीतामढ़ी, सीवान और भागलपुर समेत कई जिलों में छापेमारी हो रही है। पूरे बिहार में 21 एफआईआर दर्ज हुईं। अब तक 450 को जेल भेजा गया है। पटना में 139 को गिरफ्तार किया गया। पटना में बंद के दौरान शनिवार को गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को पुलिस कोर्ट में पेश करने के लिए रविवार की रात छज्जूबाग पहुंची। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम ने बताया कि पटना में 30 महिलाओं और 30 नाबालिगों को छोड़ दिया गया। भागलपुर और सीतामढ़ी में 4-4 नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया। ——– इससे जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए.. सम्राट चौधरी के नाम दादी की इमोशनल चिट्ठी:बिहार में 600 छात्रों को पुलिस ने पकड़ा, इन्हें जेल मत भेजिए, दिल्ली का समझौता मानिए NEET पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद बिहार पुलिस ने 600 स्टूडेंट्स को डिटेन किया। यह कार्रवाई तब की गई है, जब दिल्ली में केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स पर पुलिसिया कार्रवाई नहीं करने का ऐलान किया। पकड़े गए एक छात्र की दादी ने सीएम सम्राट चौधरी के नाम पत्र में गिरफ्तार छात्रों को जेल नहीं भेजने और दिल्ली का समझौता मानने की गुहार लगाई है। पूरी खबर पढ़ें। बिहार में हिंसक प्रदर्शन के 10 VIDEO:पुलिस ने सीधे गोली चलाई, गाड़ियां में आग लगाई गई; चेकपोस्ट को तोड़ा, जान बचाकर भागे लोग NEET पेपर लीक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और लाठीचार्ज के खिलाफ शनिवार को बिहार बंद के दौरान छात्रों ने जमकर बवाल मचाया। पुलिस पर पथराव हुए। प्रशासन की गाड़ियां तोड़ी गईं। पुलिस चेक पोस्ट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कई पुलिस वाले घायल भी हुए। वीडियो देखें