फलों का सेवन सेहत के लिए उपयोगी है, खासकर सीजनल फलों का सेवन। किसी भी एक सीजनल फल को अगर रोज खाया जाए तो बॉडी में पोषक तत्वों की कमी पूरी होती है,पाचन दुरुस्त रहता है, बॉडी हाइड्रेट रहती है और स्किन की रंगत में भी निखार आता है। इस मौसम में कुदरत ने हमें एक से बढ़कर एक ऐसा फ्रूट दिया है जो शिद्दत की गर्मी में हमारी बॉडी पर मरहम का काम करते हैं। हम बात कर रहे हैं लीची की, जो गर्मी का बेहतरीन फल है। ये एक ऐसा फल है जो सिर्फ एक महीने ही मिलता है। मई के मध्य से मिड जून तक ये फल मिलता है। स्वाद में मीठी और रसीली लीची का सेवन बॉडी में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करता है। लीची न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि गर्मियों में शरीर को पोषण और ठंडक देने का एक शानदार स्रोत भी है।
इसमें मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें विटामिन C मौजूद होता है जो इम्यूनिटी बढ़ाता और एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है। इसमें पोटैशियम भी होता है जो ब्लड प्रेशर कंट्रोल करता है। इसका सेवन करने से दिल हेल्दी रहता है। इसमें मैग्नीशियम,कॉपर, फाइबर,विटामिन B-कॉम्प्लेक्स और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं जो बॉडी को हेल्दी रखते हैं।
एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झाजर ने बताया जिन लोगों को एनीमिया की परेशानी है उनके लिए लीची का सेवन बेहद उपयोगी होता है। इसका सेवन करने से खून की कमी पूरी होती है और बॉडी हेल्दी रहती है। इसका सेवन करने से कब्ज का इलाज होता है। जिन लोगों का पाचन खराब है वो इस फल को खाएं तो क्रोनिक कब्ज भी दूर होता है। पानी और फाइबर से भरपूर ये फल पाचन का बेहतरीन इलाज है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि गर्मी में लीची का सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है।
लीची में फ्लेवोनॉयड जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो आंखों की रोशनी को बनाए रखने और सुधारने में मदद करते हैं। ये हानिकारक फ्री रेडिकल्स को बेअसर करती हैं, जो आंखों की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। विटामिन सी से भरपूर लीची का सेवन करने से आंखों में सूजन, थकान और उम्र से जुड़ी समस्याएं जैसे मोतियाबिंद की परेशानी से बचाव होता है। ये फल रेटिना में सूजन होने से बचाता है। लीची में पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे ड्राई आइज जैसी समस्या से राहत मिलती है।
लीची स्किन को हाइड्रेट करने में मदद करती है क्योंकि इसमें लगभग 80-85% पानी होता है। पानी से भरपूर लीची शरीर और त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करती है। इस फल को खाने से रूखी और बेजान लगने लगने वाली स्किन की रंगत में निखार आता है।
लीची का सेवन करने से दिल की सेहत में भी सुधार होता है। पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर लीची दिल को हेल्दी रखती है और ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रखती हैं।
गर्मी में एक एक महीने तक लीची का सेवन किया जाए तो आसानी से वजन को कंट्रोल किया जा सकता है। इस फल में कैलोरी कम और पानी ज्यादा होता है जिससे पेट लम्बे समय तक भरा रहता है और ओवरईटिंग नहीं होती।
कोलेस्ट्रॉल का काल है सत्तू, रोजाना गर्मी में एक गिलास ये ड्रिंक पी लें, बॉडी ठंडी रहेगी और मिलेंगे 5 फायदे। पूरी खबर जानने के लिए आप लिंक पर क्लिक करें।
