मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार को 71.26% मतदान हुआ। यह 2023 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 9 प्रतिशत कम रहा। भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। 3 अगस्त को मतगणना होगी। मतदान के दौरान सिरोल और जिगना में फर्जी वोटिंग तथा बूथ नंबर-51 पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश के आरोप लगे। रामसागर के मतदान केंद्र से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट अभिनय सिंह कुशवाहा को पुलिस अपने साथ ले गई, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। राजेंद्र भारती को सजा के बाद खाली हुई थी सीट
इस उपचुनाव के लिए 2 लाख 20 हजार 400 मतदाताओं के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराया था। कांग्रेस ने लगाया फर्जी वोटिंग का आरोप
मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। मतदान से पहले बूथ नंबर-186 पर वीवीपैट, बूथ नंबर-108 पर बैलेटिंग यूनिट और बूथ नंबर-290 पर कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी आई। मशीनें बदलने के बाद सभी मतदान केंद्रों पर समय पर मतदान शुरू कराया गया। मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सिरोल और जिगना में बाहरी लोगों के जरिए फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ महिलाओं ने बिना वोटर आईडी के मतदान की कोशिश की। कांग्रेस ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घनश्याम सिंह ने बूथ नंबर-51 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट द्वारा बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य कांग्रेस के पोलिंग एजेंट अविनाश सिंह कुशवाह को अपने साथ ले गए। इसके बाद भाजपा के एक पोलिंग एजेंट ने मतदान प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया। कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की। नरोत्तम मिश्रा बोले- ये कांग्रेस की हताशा का परिचय
इधर, रामसागर के बूथ नंबर-51 से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट अभिनय सिंह कुशवाहा को पुलिस अपने साथ ले गई। पुलिस का कहना था कि वे मतदाताओं से बातचीत कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं के विरोध के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। कांग्रेस के आरोपों पर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जब भी चुनाव हारती है तो आरोप लगाने लगती है। यह उनकी हताशा और निराशा का परिचय है। तस्वीरों में देखिए उपचुनाव वोटिंग शुरू होते ही नेताओं पर पुलिस की दबिश मतदान के दौरान ये भी हुआ 16 सुरक्षा कंपनियों के 1,422 जवान तैनात
उपचुनाव के लिए एसएसबी सहित 16 सुरक्षा कंपनियों के 1,422 जवान तैनात किए गए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए। चंबल रेंज के डीआईजी सुनील कुमार जैन ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’
बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने सड़क नहीं बनने पर मतदान का बहिष्कार किया। उनका कहना था कि खराब सड़क के कारण गर्भवती महिलाओं तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती। एसडीएम अशोक अवस्थी की समझाइश के बाद ग्रामीण मतदान के लिए तैयार हुए। बारिश के बीच भी जारी रहा मतदान
मतदान के दौरान कई बार बारिश हुई। ग्राम पंचायत लरायटा के बूथ नंबर-88 और 89 तथा सिविल लाइन रोड स्थित बूथ नंबर-92, 93 और 94 पर पानी भर गया। इसके बावजूद मतदाता छतरी लेकर मतदान करने पहुंचे। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने दिखाया उत्साह कई बुजुर्ग परिजनों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे। 76 वर्षीय कमलेश्वरी व्हील चेयर से मतदान करने पहुंचीं। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सुरक्षा बलों ने मतदान केंद्रों पर सहायता की। दतिया में मतदान के मिनट-टु-मिनट अपडेट के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…