केंद्र सरकार ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कॉन्स्टेबल भर्ती के नियम बदल दिए हैं। अब होने वाली हर कॉन्स्टेबल भर्ती में 50% पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगे। गृह मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। नए नियम 27 जुलाई से लागू हो गए हैं। पहले चरण में सिर्फ पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित 50% पद भरे जाएंगे। दूसरे चरण में बाकी 50% पदों के साथ पहले चरण के खाली रह गए पदों पर सभी पात्र उम्मीदवारों से आवेदन लिए जाएंगे। पूर्व अग्निवीरों के पहले बैच को अधिकतम 5 साल और बाद के बैचों को 3 साल की ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी। उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) भी नहीं देना होगा। कॉन्स्टेबल (GD) के लिए उम्र 18 से 23 साल तय की गई है। उम्मीदवार का 10वीं पास होना और तय शारीरिक व मेडिकल मानकों पर खरा उतरना जरूरी होगा। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर के उरी में LoC के पास लैंड माइन ब्लास्ट, सेना के 2 जवान घायल जम्मू और कश्मीर के उरी सेक्टर में LoC के पास एक बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया। इसमें सेना के दो जवान घायल हो गए। घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट करके 92 बेस अस्पताल में ले जाया गया है। दिल्ली पुलिस ने ISI से जुड़े हथियार तस्करी मॉड्यूल के दो और ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के दो और मुख्य ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है। सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से एक सब-मशीन गन, तीन विदेशी पिस्तौल और 82 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल 18 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने अब तक कुल 32 अत्याधुनिक विदेशी हथियार और 363 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस केस में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) की धाराएं पहले ही लगाई जा चुकी हैं। क्राइम ब्रांच की एंटी-रोबरी एंड स्नैचिंग सेल (ARSC) की टीम ने यह कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि सिंडिकेट पाकिस्तान से हथियार मंगवाता था। हथियारों के पुर्जों को वेल्डिंग मशीन और गियरबॉक्स में छिपाकर एयर कार्गो के जरिए नेपाल की राजधानी काठमांडू भेजा जाता था। वहां से इन्हें तस्करी कर भारत लाया जाता था और संगठित अपराधी गिरोहों को बेचा जाता था। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में अमरनाथ यात्रियों से भरी बस पलटी, 39 श्रद्धालु घायल जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में बुधवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीवान (गुंड) इलाके में बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 39 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद पुलिस, SDRF, राहत दल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को पहले कंगन अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए SKIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर AR11 D5655 है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। उधर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही भगवान शिव से सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। तमिलनाडु के तेनकासी में सरकारी स्कूल में टीचर ने छात्राओं को बेंत से पीटा,10 छात्राएं घायल
तेनकासी (तमिलनाडु) में सुरंदई के पास सरकारी हाई स्कूल में टीचर ने छात्राओं की बेंत से पिटाई की, जिससे 10 छात्राएं घायल हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि परेशान माता-पिता की शिकायत के बाद टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 20 जुलाई को वी के पुदुर सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई। आरोपी टीचर की पहचान 44 वर्षीय थेन मारिया सुगंथी के तौर पर हुई है, जो 11वीं कक्षा की छात्राओं के लिए दोपहर में एक स्पेशल क्लास ले रही थीं। पास के क्लासरूम से आ रहे शोर से परेशान होकर, टीचर वहां गईं और गुस्से में कई छात्राओं को बेंत से पीटा। लखनऊ में विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरे पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी, मौत लखनऊ में नए विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूर्व मंत्री ने खुदकुशी की या हादसा हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मौके से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना के कारण पता किए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर… दिल्ली के गांधी नगर में यमुना में चार लोग डूबे, एक का शव मिला दिल्ली के गांधी नगर इलाके में यमुना नदी में चार लोगों के डूबने की आशंका है। घटना के बाद रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें अब तक एक शव बरामद किया गया है। अंधेरा होने के कारण अभियान फिलहाल रोक दिया गया है और मंगलवार सुबह फिर शुरू किया जाएगा। यह घटना जीरो पुश्ता रोड पर मदीना मस्जिद के पास हुई। DFS के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक एक व्यक्ति की पहचान कर उसे अस्पताल ले जाया गया है। डूबने वाले लोगों की पहचान, उम्र और अन्य विवरण का भी अभी पता नहीं चल सका है। ओडिशा के कंधमाल मेडिकल कॉलेज का नाम अब स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के नाम पर होगा ओडिशा सरकार ने कंधमाल जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का नाम VHP नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के नाम पर रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। सरकार ने जलेश्वरपाटा आश्रम के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री विशेष सहायता कोष से 13 करोड़ रुपए देने का भी फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के बयान में कहा गया कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की स्मृति को जीवित रखने और कंधमाल के आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान व बलिदान के सम्मान में फुलबनी स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। महाराष्ट्र के ठाणे में बालकनी का स्लैब गिरने से बच्ची की मौत, पांच लोगों को सुरक्षित निकाला गया महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में सोमवार शाम करीब 40 साल पुरानी एक रिहायशी इमारत की बालकनी का स्लैब गिरने से 13 साल की एक लड़की की मौत हो गई। हादसे में मलबे के नीचे दबे छह लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें पांच लोगों को गंभीर चोट नहीं आई है। यह हादसा अमृत नगर स्थित चार मंजिला फैयाज अपार्टमेंट में हुआ। ठाणे नगर निगम (TMC) के अनुसार, दूसरी मंजिल की बालकनी का स्लैब टूटकर पहली मंजिल की बालकनी पर गिर गया थी। इससे वहां मौजूद छह लोग मलबे में फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एयरलाइन इंडिगो में किरण थडिमर्री बने नए CFO, 28 जुलाई से कार्यभार संभालेंगे देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने अपने शीर्ष प्रबंधन में बदलाव किया है। कंपनी ने डिप्टी CFO किरण थडिमर्री को नया चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नियुक्त किया है। PTI के मुताबिक, वह 28 जुलाई से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी की ओर से सोमवार को जारी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया गया कि मौजूदा CFO गौरव नेगी को मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) का सलाहकार बनाया गया है। इसके साथ ही किरण थडिमर्री को CFO के पद पर प्रमोट किया गया है। थडिमर्री 28 जुलाई से कंपनी के नए CFO के तौर पर कार्यभार संभालेंगे। दिल्ली SIR में 50% काम पूरा, 72.65 लाख से ज्यादा एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज
दिल्ली में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत 50 फीसदी से ज्यादा एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज हो चुके हैं। चुनाव आयोग के सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 1,45,10,298 मतदाताओं में से 72,65,605 फॉर्म अपलोड किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 50.07% है। आयोग के अनुसार, 1,44,91,450 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 99.87% है। 13 जिलों में डिजिटाइजेशन के मामले में आउटर नॉर्थ सबसे आगे है। वहीं, सबसे कम डिजिटाइजेशन साउथ ईस्ट जिले में 36.39% दर्ज किया गया है। इसके बाद ईस्ट (41.60%), साउथ (43.07%), ओल्ड दिल्ली (46.04%) और सेंट्रल (46.38%) हैं।

भास्कर अपडेट्स:SSB कॉन्स्टेबल भर्ती में 50% पद पूर्व अग्निवीरों के लिए रिजर्व; पहले बैच को आयु सीमा में 5 साल की छूट
केंद्र सरकार ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कॉन्स्टेबल भर्ती के नियम बदल दिए हैं। अब होने वाली हर कॉन्स्टेबल […]
Tags: