तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में मंगलवार रात ऑटो-रिक्शा और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 8 बजे सतवार एक्स रोड पर हुई। ऑटो में ड्राइवर के अलावा 11 महिलाएं सवार थीं। सभी कर्नाटक के बीदर की रहने वाली कृषि मजदूर थीं और काम खत्म करके घर लौट रही थीं। मरने वालों में एक ऑटो ड्राइवर और 5 महिलाएं थीं। हादसे से जुड़ी तस्वीरें… घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जहीराबाद और संगारेड्डी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। XUV की टक्कर से रिटायर्ड आर्मी जवान की मौत इससे पहले 10 अगस्त को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक और सड़क हादसे में 47 साल के रिटायर्ड आर्मी जवान रविंदर की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य लोग घायल हुए। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे हैदर्शाकोट इलाके में रविंदर मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी XUV ने उनकी बाइक समेत तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद XUV चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार XUV चालक की तलाश की जा रही है। ————————– यह खबर भी पढ़ें… पुणे में 4 साल की बच्ची पर कुत्तों का हमला:7 कुत्तों ने 43 सेकेंड तक काटा, सिर में 80 टांके; चीख सुनकर लोगों ने बचाया पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में सात आवारा कुत्तों ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगे हुए हैं। बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा के मुताबिक, बच्ची पास के पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर निकली थी। पेड़ के पास पहुंचते ही कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। पूरी खबर पढ़ें…